कराची। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार को कथित तौर पर अपहरण का विरोध करने पर अज्ञात बंदूकधारियों ने एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बंदूकधारी क्वेटा में स्थित एक समाचार पत्र के लिए काम करने वाले पत्रकार अब्दुल लतीफ बलूच के घर में घुसे और अपहरण की कोशिश करने लगे। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दानियाल काकर ने कहा, जब उन्होंने विरोध किया तो गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। 

पुलिस के अनुसार, हमलावर फरार हो गए और रविवार सुबह तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है और मामले की जांच जारी है।कुछ महीने पहले बलूच के बड़े बेटे का भी अपहरण कर लिया गया था और बाद में उसका शव बरामद हुआ था।पाकिस्तान फेडरल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (पीएफयूजे) समेत कई पत्रकार संगठनों ने डेली इंतिखाब अखबार से जुड़े पत्रकार बलूच की हत्या की निंदा की है।