रक्षा मंत्री काट्ज ने हारेत्ज की खबर का खंडन किया

यरूशलम। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने शुक्रवार को वामपंथ के प्रति झुकाव रखने वाले इजराइली समाचार पत्र हारेत्ज में प्रकाशित खबर को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था इजराइली सैनिकों को गाजा में सहायता स्थलों की ओर जा रहे फलस्तीनियों को गोली मारने का आदेश दिया गया था।

सेना को बदनाम करने के लिए रचा गया दुर्भावनापूर्ण झूठ

दोनों नेताओं ने खबर को सेना को बदनाम करने के लिए रचा गया दुर्भावनापूर्ण झूठ करार दिया।गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, लगभग एक महीने पहले नवगठित गाजा मानवीय फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र में सहायता सामग्री का वितरण शुरू करने के बाद से भोजन की तलाश में निकले 500 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं तथा सैकड़ों घायल हुए हैं।

इजराइल की सेना जांच कर रही है

फलस्तीनी गवाहों का कहना है कि इजराइली सैनिकों ने सहायता स्थल की ओर जाने वाली सड़कों पर भीड़ पर गोलीबारी की है। हारेत्ज के लेख पर प्रतिक्रिया देते हुए, इजराइल की सेना ने पुष्टि की कि वह उन घटनाओं की जांच कर रही है जिनमें सहायता स्थल के पास पहुंचने के दौरान लोगों को नुकसान पहुंचाया गया। सेना ने खबर में लगाए गए आम लोगों पर जानबूझकर गोली चलाने के आरोपों को खारिज कर दिया।