इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को 5.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे कम से कम तीन लोग घायल हो गए। मीडिया में आई खबर से यह जानकारी मिली। एक्सप्रेस ट्िरब्यून अखबार की खबर के अनुसार, देश के भूकंप निगरानी केंद्र ने बताया कि भूकंप का केंद्र मूसा खेल जिले के निकट 28 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप में दो मकान नष्ट हो गए, जबकि तीन अन्य आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

बचाव कर्मियों के हवाले से खबर में कहा गया है कि मकान ढहने से तीन लोग घायल हुए हैं। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के प्रवक्ता ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में राहत अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पीडीएमए की टीम नुकसान का आकलन कर रही हैं और भूकंप से विस्थापित हुए लोगों को टेंट वितरित कर रही हैं। इससे पहले, जियो न्यूज की खबर में कहा गया था कि प्रांत के बरखान शहर के पास 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। उसने बताया था इसके अनुसार, किसी के घायल होने या क्षति की सूचना नहीं मिली है। अमेरिका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप पाकिस्तान के स्थानीय समयानुसार तड़के 3:30 बजे आया, जिसका केंद्र बरखान से लगभग 60 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपूर्व में स्थित था।