काहिरा। हमास ने बुधवार को कहा कि वह इजराइल के साथ संघर्षविराम को तैयार है, लेकिन उसने इस बात पर जोर दिया कि समझौते के बाद गाजा में युद्ध पूरी तरह समाप्त होना चाहिए। हमास का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि इजराइल गाजा में 60 दिन के संघर्षविराम की शर्तों पर सहमत हो गया है और उन्होंने हमास को चेतावनी दी कि वह इस समझौते को स्वीकार करे, अन्यथा हालात और बिगड़ेंगे। ट्रंप ने यह घोषणा तब की जब वह सोमवार को व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
ट्रंप इजराइल सरकार और हमास पर संघर्ष विराम के साथ ही बंधकों की रिहाई और गाजा में युद्ध खत्म करने के लिए दबाव बढ़ा रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि 60 दिन की अवधि का उपयोग युद्ध को समाप्त करने की दिशा में काम करने के लिए किया जाएगा। हालांकि, इजराइल लगातार कहता रहा है कि वह हमास को समाप्त करने तक जंग जारी रखेगा। ट्रंप ने कहा कि अगले सप्ताह एक समझौता होने की उम्मीद है। हमास के अधिकारी ताहिर अल-नुनू ने कहा कि उनका संगठन किसी समझौते तक पहुंचने के बारे में गंभीर है और इसके लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि हमास किसी भी ऐसी पहल को स्वीकार करने के लिए तैयार है जो स्पष्ट रूप से युद्ध को पूर्ण अंत की ओर ले जाता हो। मिस्र के एक अधिकारी के अनुसार, प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए बुधवार को काहिरा में मिस्र और कतर के मध्यस्थों के साथ हमास के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात होने की संभावना है।
