सैन जोस (कोस्टा रिका)। कोस्टा रिका ने लंबे समय से राजनयिक और देश की पूर्व उपराष्ट्रपति रेबेका ग्रिनस्पैन को संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव पद के लिए उम्मीदवार के रूप में बुधवार को नामित किया। अर्थशास्त्री ग्रिनस्पैन वर्तमान में जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास की महासचिव हैं।

यूक्रेन में युद्ध की शुरुआत में यूक्रेनी और रूसी अनाज को वैश्विक बाजारों में भेजने के संयुक्त राष्ट्र के प्रयास में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी और निवर्तमान महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने उन्हें रूसी अधिकारियों से बात करने के लिए संयुक्त राष्ट्र का वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किया था। कोस्टा रिका के राष्ट्रपति रोड्रिगो चावेस ने बुधवार को एक वीडियो संदेश में कहा, आगामी सप्ताह में संयुक्त राष्ट्र में उनकी उम्मीदवारी का औपचारिक पंजीकरण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा, रेबेका ग्रिनस्पैन को विकास, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और क्षेत्रीय नेतृत्व से जुड़े मुद्दों का व्यापक अनुभव हैं और हमें विश्वास है कि उनका करियर एवं उनकी प्रतिबद्धता बहुपक्षवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। ग्रिनस्पैन ने बुधवार को सैन जोस में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह इस पद के लिए अपना प्रचार करेंगी और राजनयिक हलकों में अपनी अच्छी पहचान का लाभ उठाएंगी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस पद के लिए प्रतिस्पर्धा कड़ी होगी।