इस्लामाबाद।पाकिस्तान की सेना ने बुधवार को कहा कि उसने अफगानिस्तान सीमा पर तालिबान के कई हमलों को विफल कर दिया तथा 40 से अधिक हमलावरों को मार गिराया। सेना ने कहा कि अफगान तालिबान ने पीओके के बलूचिस्तान प्रांत के स्पिन बोल्डक क्षेत्र में चार स्थानों पर हमला किया, जिसे पाकिस्तानी सेना ने विफल कर दिया।

सेना ने कहा, हमले को नाकाम करते हुए 15-20 अफगान तालिबानियों को मार गिराया गया और कई घायल हो गए। सेना की ओर से कहा गया है कि स्थिति तेजी से बदल रही रही है क्योंकि फितना अल ख्वारिज और अफगान तालिबान के ठिकानों पर और भी जमावड़ा होने की खबरें हैं। फितना अल-ख्वारिज शब्द का इस्तेमाल पाकिस्तानी अधिकारी प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों के लिए करते हैं।

सेना ने कहा कि यह हमला क्षेत्र के विभाजित गांवों में किया गया था और तालिबान ने नागरिक आबादी के प्रति कोई सम्मान नहीं दिखाया। उसने कहा, अफगान तालिबान ने अपनी तरफ स्थित पाक-अफगान मैत्री फाटक को भी नष्ट कर दिया, जो स्पष्ट रूप से आपसी व्यापार और विभाजित जनजातियों की सुगमता के अधिकारों के संबंध में उनकी मानसिकता को दर्शाता है।

पाकिस्तानी सेना ने कहा कि पीओके के स्पिन बोल्डक में हुआ हमला कोई अकेली घटना नहीं थी, क्योंकि 14 अक्टूबर की रात को अफगान तालिबान और फितना अल ख़्वारिज (टीटीपी) ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुर्म सेक्टर में पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर हमला करने की कोशिश की थी।