लंदन/वलसॉल। इंग्लैंड के वलसॉल के शांत एवं हरियाली भरे पार्क हॉल इलाके के निवासी पिछले सप्ताह भारतीय मूल की महिला से नस्ल के कारण बलात्कार किए जाने की घटना से स्तब्ध हैं। लगभग 20 वर्ष की महिला से शनिवार शाम को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार 32 वर्षीय व्यक्ति फिलहाल पुलिस हिरासत में है और वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

ब्रिटेन की गृह मंत्री शबाना महमूद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, वलसॉल में हुई नस्ल के आधार पर बलात्कार की घटना एक भयावह अपराध है। मेरी संवेदनाएं पीड़िता और उसके परिवार के साथ हैं।  उन्होंने कहा, मुझे पता है कि स्थानीय सिख समुदाय को कितना डर महसूस हो रहा होगा। मैंने पुलिस और स्थानीय नेताओं से आश्वासन मांगा है कि वे इस अपराध से प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। 

महमूद ने कहा, मैं इस घटना के बारे में जानकारी रखने वालों से आग्रह करती हूं कि वे आगे आएं और जितनी जल्दी हो सके वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस से संपर्क करें।  वलसॉल के स्थानीय पार्षदों ने सोमवार शाम को पुलिस के साथ बैठक की जिसमें जांच की प्रगति के बारे में जानकारी दी गई। पार्षद राम के. मेहमी ने कहा, मैं स्तब्ध और निराश हूं। उस युवती के साथ जो हुआ वह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।  भारतीय मूल के मेहमी डार्लास्टन में स्थानीय श्री गुरु रविदास मंदिर के संस्थापक-न्यासी हैं।

उन्होंने कहा, मैं यहां 61 वर्ष से रह रहा हूं और मैंने ऐसे किसी मामले के बारे में कभी नहीं सुना। स्थानीय समुदाय गंभीर रूप से चिंतित है क्योंकि यह वेस्ट मिडलैंड्स में दूसरा (नस्लीय रूप से प्रेरित) हमला है।  पुलिस ने रविवार को संदिग्ध का सीसीटीवी फुटेज जारी किया था। आरोपी करीब 30 वर्षीय एक श्वेत व्यक्ति बताया गया था।

वलसॉल में भारतीय मूल के दुकानदार ने कहा, मैं घटना के बारे में जानकर पूरी तरह स्तब्ध हूं। एक ग्राहक ने मुझे इसके बारे में बताया और मैं विश्वास नहीं कर सका कि इतनी शांतिपूर्ण कॉलोनी में ऐसा कुछ हो सकता है।  उन्होंने कहा, मैं भारत से हूं और यहां कुछ वर्ष से रह रहा हूं। यह एक बहुत विविधतापूर्ण इलाका है और यहां कभी कोई नस्लीय घटना नहीं हुई।

  पुलिस ने पिछले महीने ओल्डबरी में एक ब्रिटिश सिख महिला के साथ हुई इसी तरह की वारदात के बाद कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।लेबर पार्टी की ब्रिटिश सिख सांसद प्रीत कौर गिल और तनमनजीत सिंह धेसी ने सोशल मीडिया के जरिए घटना की निंदा की। गिल ने कहा, हमारे क्षेत्र में महिलाओं के खिलाफ बार-बार हिंसा होना बेहद चिंताजनक है।