चंडीगढ़/अमृतसर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को पंजाब के अमृतसर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा शुरू किया, जहां उन्होंने प्रभावित किसानों से बातचीत की।इससे पहले, यहां आगमन पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उन्हें बाढ़ की स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी। चौहान अमृतसर हवाई अड्डे पहुंचे और वह पंजाब के कुछ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। चौहान अमृतसर, गुरदासपुर और कपूरथला जिलों के गांवों का दौरा करेंगे और प्रभावित किसानों से बातचीत करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ और पार्टी के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ के साथ चौहान अमृतसर जिले के अजनाला पहुंचे और वहां किसानों से बातचीत की।