न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के उच्च स्तरीय 80वें सत्र की शुरुआत के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर सोमवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्काे रुबियो से मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय बैठक करेंगे।रूस से तेल की खरीद को लेकर अमेरिका द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के बाद, रुबियो और जयशंकर की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी। रविवार को अमेरिका के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी दैनिक कार्यक्रम के अनुसार, रुबियो सोमवार सुबह न्यूयॉर्क में जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों इससे पहले जुलाई में वाशिंगटन में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान मिले थे। यह द्विपक्षीय बैठक ऐसे दिन हो रही है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने को लेकर भी बातचीत होने वाली है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को न्यूयॉर्क में अमेरिकी पक्ष से मुलाकात करेगा। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते पर शीघ्र निष्कर्ष निकालने के लिए चर्चा को आगे बढ़ाना है। विदेश मंत्री जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च स्तरीय सत्र में भाग लेने के लिए रविवार को न्यूयॉर्क पहुंचे थे।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
