न्यूयॉर्क। बहुआयामी ऊर्जा प्रौद्योगिकी कंपनी होलटेक के भारतीय मूल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. क्रिस सिंह ने भारत के कुडनकुलम परमाणु संयंत्र को अत्याधुनिक परमाणु उपकरणों की आपूर्ति को एक अवसर करार दिया है। अमेरिका के न्यू जर्सी में स्थित होलटेक इंटरनेशनल ने एक बयान में घोषणा की कि उसने भारत को स्पेंट फ्यूल स्टोरेज रैक्स की पहली खेप भेजी है। ए रैक्स मेटामिक से बने हैं और इनमें अधिकतम रिएक्टिविटी नियंत्रण क्षमता तथा उच्च संरचनात्मक मजबूती है।

इनका उपयोग भारत के कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र में किया जाएगा, जिसे रूस के तकनीकी सहयोग से बनाया गया है।सिंह ने कहा, होलटेक (अमेरिका) और होलटेक एशिया के बीच करीबी सहयोग से इन जटिल परमाणु घटकों की आपूर्ति हमारे लिए यह अवसर लेकर आई है कि हम दिखा सकें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भारत की विनिर्माण क्षमता को विश्वस्तरीय स्तर तक ले जाने का लक्ष्य एक सुव्यवस्थित तकनीकी हस्तांतरण की प्रक्रिया के माध्यम से पूरी तरह साकार किया जा सकता है।