न्यूयॉर्क ।भारतीय प्रवासियों के लिए एक ऐतिहासिक घटनाक्रम में कैलिफोर्निया ने दिवाली पर आधिकारिक राजकीय अवकाश घोषित कर दिया है। इस तरह कैलिफोर्निया अमेरिका का तीसरा राज्य बन गया है जिसने भारत के इस प्रकाश पर्व को आधिकारिक तौर पर अवकाश के रूप में मान्यता दी है। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने मंगलवार को घोषणा की कि उन्होंने विधानसभा सदस्य ऐश कालरा द्वारा दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित करने वाले विधेयक पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
सितंबर में दिवाली को आधिकारिक राजकीय अवकाश घोषित करने वाला एबी 268 नामक विधेयक कैलिफोर्निया विधानमंडल के दोनों सदनों से सफलतापूर्वक पारित हो गया था, जिस पर न्यूसम के अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा थी। कालरा ने पिछले महीने कहा था, कैलिफोर्निया भारतीय अमेरिकियों की सबसे बड़ी आबादी वाला स्थान है और दिवाली को आधिकारिक राजकीय अवकाश घोषित करने से लाखों कैलिफोर्निया वासियों तक इसका संदेश पहुंचेगा जो इसे मनाते हैं और विविधता से भरे हमारे राज्य में कई लोगों को इसे अपनाने में मदद मिलेगी।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
उन्होंने कहा, दिवाली सद्भावना, शांति और नवीनीकरण की साझा भावना के संदेश के साथ समुदायों को एक साथ लाती है। कैलिफोर्निया को दिवाली और इसकी विविधता को अपनाना चाहिए, न कि इसे अंधेरे में छिपाकर रखना चाहिए। अक्टूबर 2024 में पेंसिल्वेनिया दिवाली को आधिकारिक तौर पर राजकीय अवकाश के रूप में मान्यता देने वाला पहला राज्य बन गया, जिसके बाद इस वर्ष कनेक्टिकट ने इसे राजकीय अवकाश घोषित किया। न्यूयॉर्क सिटी में दिवाली पर सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
सामुदायिक नेताओं और प्रमुख प्रवासी संगठनों ने कैलिफोर्निया द्वारा दिवाली पर राजकीय अवकाश घोषित करने की घोषणा का स्वागत किया। गैर-लाभकारी संगठन इंडियास्पोरा ने कहा कि यह मान्यता न केवल दिवाली की जीवंतता को दर्शाती है, बल्कि अमेरिका भर में भारतीय अमेरिकी समुदाय के स्थाई प्रभाव को भी दर्शाती है।
इंडियास्पोरा के संस्थापक और अध्यक्ष एमआर रंगास्वामी ने एक बयान में कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय भारतीय अमेरिकियों की उन पीढय़िों का सम्मान करता है जिन्होंने कैलिफोर्निया के विकास और सफलता में योगदान दिया है।
