बेंगलुरु । इंडिगो द्वारा कई उड़ाने रद्द किए जाने के बाद बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।सूत्रों ने बताया कि एयरलाइन ने बेंगलुरु हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 42 उड़ानें रद्द कर दीं। इंडिगो ने कहा कि यह व्यवधान तकनीकी खराबी, प्रतिकूल मौसम की स्थिति और क्रू रोस्टरिंग नियमों में बदलाव सहित कई कारणों से हुआ।कुछ यात्रियों को घंटों इंतज़ार के बाद अपने गंतव्य तक जाने के लिए उड़ान मिल गई, जबकि कुछ यात्री हवाई अड्डे पर ही फंस गए।बेंगलुरु में रहने वाले यात्री घर चले गए जबकि अन्य को हवाई अड्डे पर इंतजार करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, हवाई अड्डे में रेलवे स्टेशन की तरह हालात देखे जा सकते थे, यहां लोगों को जहां जगह मिली वे वहीं बैठ गए। ट्रैवल एजेंट सुधीर पोकर्ना ने कहा कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द कर दी गईं, उनके लिए भोजन और पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।