नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कथित वोट चोरी को लेकर रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी तथा निर्वाचन आयोग पर कड़ा हमला बोला और कहा कि चोरी भाजपा के डीएनए में है , लेकिन उनकी पार्टी सत्य के साथ खड़े होकर आरएसएस की सरकार को देश से बाहर करेगी।राहुल गांधी ने यहां रामलीला मैदान में कांग्रेस की वोट चोर, गद्दी छोड़ रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ मिलकर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आत्मविश्वास खत्म हो गया है क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि उनकी वोट चोरी पकड़ी गई है। खरगे ने दावा किया कि वोट चोरी करने वाले गद्दार हैं और इन्हें सत्ता से हटाना होगा ताकि वोट के अधिकार और संविधान को बचाया जा सके। रैली में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।