नई दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार को कड़ाके की सर्दी की स्थिति रही, हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा। दिल्ली में कुछ समय के लिए कोहरे के कारण दृश्यता बाधित रही, साथ ही उत्तर प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी ऐसी स्थिति रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 27 दिसंबर तक उत्तरी राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।
आईएमडी के अनुसार, राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक था, जबकि अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से कम था। मौसम विभाग ने बताया कि पालम में सुबह आठ बजे मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता सबसे कम 150 मीटर दर्ज की गई और धीरे-धीरे इसमें सुधार होने के बाद सुबह 9:30 बजे तक 400 मीटर हो गई।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
क्रिसमस के दिन (25 दिसंबर) दिल्ली में तापमान सामान्य के करीब रहने का अनुमान है, आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और सुबह के समय हल्का कोहरा रहने का पूर्वानुमान है। पंजाब और हरियाणा में सोमवार को भी शीतलहर का असर जारी रहा, हालांकि कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से कुछ डिग्री अधिक था। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लुधियाना में न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 8.9 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 9 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर में हाल में हुई वर्षा के कारण रात के तापमान में वृद्धि और दिन के तापमान में गिरावट आई है और मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में बर्फबारी या बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
