रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते-करते विपक्ष देश और सेना का विरोध ना करे। चौहान ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में सशस्त्र बलों की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने महिलाओं के सिंदूर को उजाड़ा और हमने आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार से जवाब मांगे जाने के बारे में पूछे जाने पर चौहान ने कहा, सारा देश (ऑपरेशन सिंदूर पर) गर्वित और गौरवान्वित है। पाकिस्तान ड्रोन छोड़ रहा था और वे तिनके की तरह उड़ गए। मैं हमारे बहादुर सेना, उसके पराक्रम को सलाम करता हूं। उनकी वीरता और उनके सटीक निशाने को सलाम करता हूं। उन्होंने कहा, पाकिस्तान का कोई भी हिस्सा ऐसा नहीं था जो हमारे लक्ष्य से दूर रहा हो।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
उन्होंने सिंदूर उजाड़ा, हमने आतंकवाद के अड्डे ही समाप्त कर दिए। अगर इसके बाद भी रोना है तो मोदी का विरोध करते-करते सेना और देश का विरोध तो नहीं करिए। केंद्रीय मंत्री चौहान सरगुजा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य सरकार के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ आए हैं। कार्यक्रम के दौरान वह राज्य के लोगों को तीन लाख से अधिक आवास आवंटित करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और उस पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों का घर छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, आपको याद होगा कि जब पिछली सरकार (कांग्रेस सरकार) थी, तब मोर आवास-मोर अधिकार आंदोलन चला था। पुरानी सरकार के मुखिया ने अपने पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री के कहने के बावजूद प्रधानमंत्री आवास की धनराशि आवंटित नहीं की।
हमारे प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना की राशि भेजी लेकिन वह राशि राज्य सरकार ने खर्च नहीं की और इसका परिणाम यह हुआ कि लाखों पात्र हितग्राही लाभ से वंचित रह गए। गरीब को घर न देना एक पाप था। केंद्रीय मंत्री ने कहा, उस समय भाजपा ने संघर्ष किया और वचन दिया था कि उसकी सरकार बनने पर वह सभी हितग्राहियों को आवास देगी। आज मेरे मन में संतोष है कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की जनता से किया वादा हमने निभाया। हमने 8.47 लाख आवास आवंटित किए। फिर और आवास की आवश्यकता पड़ी, तो 3.03 लाख आवास हमने दुर्ग के कार्यक्रम में आवंटित किया।
2018 की आवास प्लस की सूची में अब केवल तीन लाख 767 हितग्राही बचे थे। आज मैं मुख्यमंत्री को शेष आवास की स्वीकृति का पत्र सौंपूंगा। इसके बाद सभी हितग्राही के पास आवास उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने कहा, हम जो कहते हैं वह करते हैं। मैं छत्तीसगढ़ की सरकार को इस बात की बधाई दूंगा कि तेजी से यहां मकान बनाए जा रहे हैं।
चौहान ने कहा, नक्सल प्रभावित परिवार और आत्मसर्मण कर चुके नक्सलियों, जिनका नाम सूची में नहीं है, उनके लिए भी हमने 15 हजार मकान आवंटित किए हैं, उनका निर्माण प्रारंभ हो गया है। पुरानी सरकार ने मुख्यमंत्री आवास योजना बनाई थी, जिसके तहत आवास के निर्माण पूरे नहीं हुए। वे भी अब पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने नया सर्वेक्षण फिर से शुरू कर दिया है। जो पात्र लोग वंचित रह गए उन्हें वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। भौतिक सत्यापन कर उन्हें भी मकान दिया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ बहुत उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। यहां कृषि उत्पादन और फल-सब्जी का उत्पादन बढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, मैं चाहता हूं कि छत्तीसगढ़ के किसान और आगे बढ़ें। विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का होना आवश्यक है। मेरी कोशिश है कि विकसित छत्तीसगढ़ के लिए विकसित खेती, समृद्ध किसान और गरीबी मुक्त ग्रामीण भाई-बहन हों।
