कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पाकिस्तान की हिरासत से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कांस्टेबल पूर्णम कुमार शॉ की रिहाई का बुधवार को स्वागत किया और कहा कि जवान की वापसी सुनिश्चित करने के प्रयासों के दौरान वह लगातार उनके परिवार के संपर्क में थीं। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रिसड़ा के निवासी कांस्टेबल को पाकिस्तान रेंजर्स ने पंजाब में अटारी-वाघा सीमा पर सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर बीएसएफ के सुपुर्द कर दिया।
पहलगाम आतंकी हमले के एक दिन बाद 23 अप्रैल को शॉ फिरोजपुर सेक्टर में अभियान संबंधी ड्यूटी करते हुए रात करीब 11 बजकर 50 मिनट पर अनजाने में पाकिस्तान के क्षेत्र में चले गए थे और पाक रेंजर्स ने उन्हें पकड़ लिया था।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा, हमारे बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार शॉ की रिहाई की सूचना पाकर काफी खुशी हुई। मैं लगातार उनके परिवार के संपर्क में थी और हुगली के रिसड़ा में उनकी पत्नी से तीन बार बात की। आज भी मैंने उन्हें फोन किया। उन्होंने कहा, मेरे भाई समान जवान, उनकी पत्नी रजनी शॉ सहित उनके पूरे परिवार को बधाई। इससे पहले दिन में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने कहा था कि मुख्यमंत्री ने पिछले कुछ हफ्तों में कई बार जवान की पत्नी से व्यक्तिगत तौर पर संपर्क किया और परिवार को समर्थन तथा मदद का आश्वासन दिया।
