कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर भारत के रुख के बारे में जानकारी देने के लिए गठित केंद्र के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल किए जाने वाले किसी पार्टी के प्रतिनिधि का नाम संबद्ध राजनीतिक दल के नेतृत्व को तय करना चाहिए।  हालांकि, बनर्जी ने आतंकवाद रोधी प्रयासों में केंद्र के प्रति पार्टी के समर्थन की पुष्टि की। 

बनर्जी ने दिल्ली रवाना होने से पहले शहर के हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, मेरा मानना है कि अगर केन्द्र का उद्देश्य आतंकवाद से लडऩा और उसे रोकना, राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा करना और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना है - तो हम एक पार्टी के तौर पर केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। लेकिन अगर कोई सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जा रहा है, तो उसके प्रतिनिधियों के बारे में फैसला उनके दलों को करना होगा। 

केंद्र ने यूसुफ पठान को सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनाया है, जो आतंकवाद पर भारत की नीति को रेखांकित करने के लिए 30 देशों का दौरा करेगा। इस अभियान का नाम एक मिशन, एक संदेश, एक भारत रखा गया है। उन्होंने कहा, केन्द्र एकतरफा निर्णय नहीं ले सकता कि कौन किस पार्टी का प्रतिनिधित्व करेगा। 

यह संबंधित पार्टी नेतृत्व द्वारा तय किया जाना चाहिए। यदि आप एक प्रतिनिधि मांगते हैं, तो हम आपको पांच नाम देंगे। लेकिन केन्द्र को अपनी अच्छी मंशा भी दिखानी चाहिए तथा विपक्ष के सभी दलों के साथ व्यापक विचार-विमर्श करना चाहिए।