भोपाल। उच्चतम न्यायालय के आदेश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह की विवादास्पद टिप्पणियों की जांच शुरू कर दी है। जांच दल के एक सदस्य ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीन सदस्ईय एसआईटी ने इंदौर जिले के महू के पास रायकुंडा गांव में लोगों से मिलना शुरू कर दिया, जहां शाह ने 12 मई को कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा एसआईटी के प्रमुख हैं, जबकि विशेष सशस्त्र बल के पुलिस उपमहानिरीक्षक कल्याण चक्रवर्ती और डिंडोरी की पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह जांच दल के अन्य सदस्य हैं।
एसआईटी के एक सदस्य ने बताया कि हमने बृहस्पतिवार को जांच शुरू की थी। उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को आदेश दिया था कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्ईय एसआईटी का गठन किया जाए। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद मानपुर पुलिस ने 14 मई को शाह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
उच्च न्यायालय ने मंत्री की अभद्र टिप्पणी पर स्वत: संज्ञान लिया था। इंदौर के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी पहले ही एसआईटी को सौंप दी गई है। यह पूछे जाने पर कि आदिवासी मामलों के मंत्री शाह से कब पूछताछ की जाएगी, एसआईटी सदस्य ने विस्तार से बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया, हम काम कर रहे हैं। बस इतना ही। हम इंदौर में ही रहेंगे। उच्चतम न्यायालय ने एसआईटी को 28 मई तक अपनी पहली स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था।
