पुरुलिया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में शुक्रवार सुबह एक ट्रक और कार के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना जिले के बलरामपुर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत नामशोल गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। बलरामपुर पुलिस थाने के प्रभारी सौम्यदीप मलिक ने पीटीआई-भाषा को बताया, राजमार्ग पर एक एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें यात्री वाहन में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे। वे पुरुलिया में बड़ाबाजार पुलिस थाना क्षेत्र के तहत अदाबना गांव से पड़ोसी झारखंड राज्य के नीमडीह पुलिस थाना क्षेत्र के तिलेटांड जा रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोग और आपात कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और कार में सवार लोगों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उन सभी को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि तेज गति से गाड़ी चलाने और लापरवाही की वजह से हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
पुरुलिया और बृहस्पतिवार को हावड़ा के बगनान की दुर्घटना का जिक्र करते हुए राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में सड़क सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाया। बगनान में एक बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और लगभग 26 अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने एक्स पर लिखा, इन दुर्घटनाओं में हुई जनहानि बेहद दुखद है, और मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं उन घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं जिनका वर्तमान में इलाज चल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ये लगातार हो रही दुर्घटनाएं पश्चिम बंगाल में सड़क सुरक्षा मानकों की खतरनाक गिरावट को उजागर करती हैं। बनर्जी के पास गृह विभाग का कार्यभार भी है। उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल की सड़कों पर घातक दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या यातायात प्रबंधन और सुरक्षा नियमों के प्रवर्तन में व्यवस्थागत विफलता को दर्शाती है। अधिकारी ने मुख्यमंत्री पर भी कटाक्ष किया, जिन्होंने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के मद्देनजर देश में हवाई सुरक्षा मानकों की आलोचना की थी। अधिकारी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, हालांकि मैं इस बात की सराहना करता हूं कि हमारी माननीय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हवाई यात्रा सुरक्षा के मुद्दों पर अपना ध्यान केंद्रित किया है और अहमदाबाद हवाई दुर्घटना के बाद से लगभग हर दिन अपनी विशेषज्ञ राय व्यक्त कर रही हैं, मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे अपना कुछ ध्यान हमारे राज्य में सड़क सुरक्षा की गंभीर स्थिति की ओर लगाएं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि खराब यातायात प्रबंधन, अपर्याप्त सड़क बुनियादी ढांचे और लचर कानून प्रवर्तन के कारण पश्चिम बंगाल की सड़कों पर प्रतिदिन अनगिनत लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि राज्य सरकार ऐसी हृदय विदारक त्रासदियों को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा मानकों में सुधार को प्राथमिकता दे।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
